केडी कॉलेज ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंस में चार दिवसीय खेल प्रतियोगिता ‘स्पर्धा-02’ का शुभारम्भ उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन कुलपति डॉ. मनेष लाहौरी, डीन डॉ. आर.के. अशोका, प्राचार्या डॉ. एन.पी. चानू तथा उप प्राचार्य डॉ. गौरव त्यागी ने मां सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन कर किया। इस अवसर पर कुलपति डॉ. लाहौरी ने कहा कि स्वस्थ तन और मन के लिए खेल अत्यंत आवश्यक है। छात्र-छात्राओं को प्रतिदिन किसी न किसी खेल में भाग लेना चाहिए, क्योंकि खेल अनुशासन, टीम भावना और चुनौतियों का सामना करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि शरीर और मन का संतुलन ही सफलता और आनंदमय जीवन का मूल मंत्र है।

डीन डॉ. आर. के. अशोका ने कहा कि विद्यार्थी जीवन में शिक्षा के साथ खेलों का भी समान महत्व है। उन्होंने विद्यार्थियों को संदेश दिया कि हार से निराश न हों और जीत का घमंड न करें। खेल हमें समयबद्धता, धैर्य और सामूहिक कार्यशैली सिखाते हैं, जो जीवन में सफलता के लिए जरूरी है। प्रो-चांसलर मनोज अग्रवाल ने अपने संदेश में प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल अब करियर निर्माण का सशक्त माध्यम बन चुके हैं। स्पोर्ट्स ऑफिसर डॉ. सोनू शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में क्रिकेट, वॉलीबॉल, कबड्डी, बैडमिंटन, शतरंज, एथलेटिक्स सहित कई स्पर्धाएं आयोजित होंगी। प्रतियोगिता का समापन 28 फरवरी को पारितोषिक वितरण के साथ होगा।

Also Read: KD University hosts symposium on ‘Akhand Bharat: Contribution of Indians to Science and Innovation’