के.डी. मेडिकल कॉलेज, हॉस्पिटल एण्ड रिसर्च सेण्टर का 11वां स्थापना दिवस श्रीअखिलेश्वर महादेव मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर मनाया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने श्रीअखिलेश्वर महादेव के जयकारे लगाए, जिससे पूरा परिसर गुंजायमान हो उठा।

आचार्यों और विद्वान पंडितों द्वारा संपन्न कराए गए पूजन के पश्चात के.डी. विश्वविद्यालय के उप-कुलाधिपति श्री मनोज अग्रवाल तथा मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री अरुण अग्रवाल ने कन्या पूजन कर उन्हें भोजन कराया। कन्या भोज के बाद बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से प्रसादी ग्रहण की।

संस्थान के 11वां स्थापना दिवस पर सुबह से ही परिसर में आध्यात्मिक वातावरण बना रहा। इस विशेष अवसर पर श्रीअखिलेश्वर महादेव मंदिर का भव्य श्रृंगार किया गया। पूजन कार्यक्रम में उप-कुलाधिपति श्री मनोज अग्रवाल, कुलपति डॉ. मनेष लाहौरी, सीईओ श्री अरुण अग्रवाल, के.डी. मेडिकल कॉलेज के डीन एवं प्राचार्य डॉ. आर. के. अशोका, के.डी. डेंटल कॉलेज की प्राचार्या डॉ. नवप्रीत कौर, कुलसचिव डॉ. विकास कुमार अग्रवाल, उप महाप्रबंधक मनोज गुप्ता तथा प्रशासनिक अधिकारी नीरज छापड़िया सहित अन्य गणमान्य लोगों ने देवी-देवताओं की आरती और पूजा-अर्चना की।

आचार्य करपात्री द्विवेदी, देवनाथ द्विवेदी, शुभम तिवारी, विकास मिश्रा तथा शास्त्री विवेक मिश्रा के सानिध्य में लगभग तीन घंटे तक वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अनुष्ठान चला, जिसके बाद महाआरती संपन्न हुई। इस धार्मिक आयोजन में चिकित्सकों, प्राध्यापकों, छात्र-छात्राओं और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

श्रीअखिलेश्वर महादेव मंदिर के प्रति मेडिकल छात्र-छात्राओं में गहरी आस्था है। सुबह-शाम मंदिर में दर्शन और पूजन करना विद्यार्थियों में नई ऊर्जा का संचार करता है। मंदिर में प्रतिदिन होने वाली सायंकालीन आरती में छात्र-छात्राओं के साथ-साथ दूर-दराज से आने वाले मरीजों के तीमारदार (अटेंडर) भी शामिल होते हैं। मेडिकल छात्र अपनी हर सफलता के पीछे गुरुओं के मार्गदर्शन के साथ-साथ श्रीअखिलेश्वर महादेव की असीम अनुकंपा मानते हैं।

Also Read: गणतंत्र दिवस पर केडी विश्वविद्यालय में शान से फहरा तिरंगा; छात्र-छात्राओं ने लिया एकता-अखंडता का संकल्प